छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बलरामपुर में 9 नई एम्बुलेंस की सौगात, अब हर गांव तक पहुंचेगी त्वरित स्वास्थ्य सेवा

रायपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम पहल की है। इसी क्रम में बलरामपुर जिला अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने वर्चुअल माध्यम से जिले को 9 नई एम्बुलेंस की सौगात दी। इनमें 8 बेसिक लाइफ सपोर्ट और 1 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस शामिल हैं।

इस पहल के बाद 108 एम्बुलेंस सेवा अब जिले के सभी विकासखंडों और दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक तेजी से पहुंच सकेगी, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल पाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार हर नागरिक तक बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि ये एम्बुलेंस केवल वाहन नहीं, बल्कि संकट के समय जीवन बचाने का एक अहम माध्यम हैं। विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं और बच्चों को समय पर उपचार मिल सके, यही सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ में इलाज की महत्ता पर भी जोर दिया।

जिला कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने बताया कि एम्बुलेंस सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए संचालन एजेंसी के साथ समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक समय पर एम्बुलेंस सुविधा पहुंचे।

नई एम्बुलेंस को जिले के विभिन्न विकासखंडों में तैनात किया गया है। जिला अस्पताल बलरामपुर और वाड्रफनगर को 2-2 एम्बुलेंस मिली हैं, जबकि राजपुर, शंकरगढ़, कुसमी, रामानुजगंज और सीएचसी सनावल में एक-एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। इस नई व्यवस्था से अब जिले के दूरस्थ इलाकों में भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में त्वरित मदद मिल सकेगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button