रायपुर : छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) द्वारा आज राजधानी रायपुर से राजनांदगांव तक चुनौती यात्रा निकाला गया। ग्रास मेमोरियल ग्राउण्ड में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी प्रमुख ने काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुनौती यात्रा का आगाज किया।
चुनौती यात्रा सुबह 10 बजे ग्रास मेमोरियल ग्राउण्ड से शुरू होना था। लेकिन दोपहर 1 बजे तक प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं के आने का क्रम बना रहा। इधर सागौन बंगले से भी मैदान में पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या पर निगाह रखी जा रही थी। दोपहर 1 बजे तक यहां हजारों कार्यकर्ता जुट चुके थे। मैदान के चारों ओर सैकड़ों वाहनों का काफिला लग चुका था।
इसके अलावा कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी निजी गाडिय़ों से भी यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। इसी बीच पार्टी प्रमुख अजीत जोगी यहां पहुंचे। उनके यहां आते ही कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त हो गया। राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। इस बीच पार्टी प्रमुख श्री जोगी ने कालीमाता मंदिर पहुंचकर यहां पूजा-अर्चना की। मंदिर से निकलकर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनांदगांव कूच करने का इशारा किया। अपने संक्षिप्त उद्बोधन में श्री जोगी ने कहा कि यह यात्रा न केवल पार्टी की चुनौती यात्रा है, बल्कि यह प्रदेशवासियों की चुनौती यात्रा है जो सीधे राज्य सरकार के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन पर बाहरी होने का आरोप लगाने से भी नहीं चूकते। सवाल यहां बाहरी का नहीं है, सवाल है, प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार, अराजकता और अफसरशाही का। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता राज्य की भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव में राज्य को भाजपा मुक्त करने का निर्णय लिया है। इसी के चलते वेे राजनांदगांव विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे का निर्णय कर चुके हंै।
ज्ञात हो कि अजीत जोगी की चुनौती यात्रा रायपुर से शुरू होकर पावर हाउस भिलाई पहुंचेगी। यहां दुर्ग के कार्यकर्ता रैली का स्वागत करेंगे और फिर राजनांदगांव रवाना होंगे। राजनांदगांव में श्री राम दरबार मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना के पश्चात रैली राजनांदगांव शहर का भ्रमण करते हुए ठाकुर प्यारेलाल स्कूल पहुंचेगी। यहां एक आमसभा होगा जहां श्री जोगी अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। अगले दिन 12 फरवरी को राजनांदगावं के एक होटल में एक शाम अजीत जोगी के नाम कार्यक्रम में शामिल होंगे।