छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ताश के खेल से शुरू हुआ झगड़ा बना हत्या की वजह, अर्जुन बैरागी गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी के सड्डू क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक साल से बैरागी डेरा सड्डू में रह रहे युवक देवेन्द्र कुमार चंदवानी उर्फ राजा की हत्या कर दी गई। घटना के कुछ ही घंटों बाद मुख्य आरोपी अर्जुन बैरागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र और अर्जुन के बीच कुछ दिन पहले ताश खेलने को लेकर विवाद हुआ था, जो बढ़ते-बढ़ते जानलेवा हो गया। 24 जुलाई की रात करीब 11 बजे गौरा चौरा क्षेत्र में दोनों की फिर से मुलाकात हुई। नशे में धुत अर्जुन से देवेन्द्र ने पुराने झगड़े का जिक्र करते हुए गाली-गलौच शुरू कर दी, जिस पर अर्जुन ने चाकू से हमला कर देवेन्द्र के हाथ में चोट पहुंचाई।

इसके बाद अर्जुन के भाई डाडो और उनके साथी साहिल ने भी देवेन्द्र की पिटाई की और तीनों मौके से फरार हो गए। घायल देवेन्द्र जब हॉकी स्टिक लेकर अर्जुन के घर पहुंचा, तो अर्जुन ने पहली मंज़िल से सिमेंट का खंभा उसके सिर पर फेंक दिया। गंभीर चोट लगने से देवेन्द्र बेहोश हो गया और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ. लाल उमेद सिंह (पुलिस उप महानिरीक्षक एवं एसएसपी रायपुर) ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, थाना विधानसभा और अन्य पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अर्जुन बैरागी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, अर्जुन ने पूछताछ में जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने भाई और दोस्त के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी डाडो और साहिल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपी:

अर्जुन बैरागी पिता गोकुल बैरागी, उम्र 24 वर्ष, निवासी सड्डू कैपिटल सिटी, बैरागी डेरा, थाना विधानसभा, रायपुर।

जांच और कार्रवाई में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अधिकारी:
निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह राजपूत, प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, प्र.आर. पुष्पराज परिहार, आरक्षक धनंजय गोस्वामी, अनिल राजपूत, गौरीशंकर साहू, सउनि. विष्णु प्रसाद वर्मा।

पुलिस की ओर से यह भी कहा गया है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button