अटल जयंती पर कोरबा में श्रद्धा का संगम, अटल परिसर में नमन कार्यक्रम आयोजित

भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कोरबा शहर में भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। विवेकानंद उद्यान के समीप स्थित अटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अटल जी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि अटल जी के विचार और कार्य आज भी देश को दिशा दे रहे हैं। सुशासन दिवस को राज्य सरकार ने 19 से 25 दिसंबर तक मनाया, जो अटल जी के सुशासन के संकल्प का प्रतीक है। उनके नेतृत्व में देश ने सड़क, शिक्षा और परमाणु शक्ति जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भी उनके दूरदर्शी निर्णय का परिणाम है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेशभर में अटल परिसरों का निर्माण अटल जी के विचारों को जीवंत रखने का प्रयास है। कोरबा का अटल परिसर राज्य के बेहतरीन परिसरों में गिना जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा गांव-गांव अटल चौक निर्माण की पहल को भी उन्होंने याद किया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अटल जी के सपनों को आगे बढ़ाते हुए भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। देश आज वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है।
सुशासन दिवस के तहत नगर निगम द्वारा आयोजित शिविरों में 618 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 162 का त्वरित निराकरण किया गया। महापौर संजू देवी राजपूत ने अटल जी के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन शिविरों से नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
नगर निगम आयुक्त एवं प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पांडेय ने बताया कि 19 से 25 दिसंबर तक लगाए गए शिविरों के माध्यम से नागरिकों को जन्म से मृत्यु तक की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं दी गईं। मंत्री के प्रयासों से साढ़े तीन करोड़ रुपये की बीटी सड़क स्वीकृत हुई है। कार्यक्रम के दौरान राज्यस्तरीय लोकार्पण का लाइव प्रसारण भी देखा गया और अटल जी की तस्वीरों का अवलोकन किया गया।




