सूरजपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, 91 नए मतदान केंद्र जुड़े

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 को लेकर सूरजपुर जिले में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर, सरगुजा संभाग (अम्बिकापुर) ने की। इसमें कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—प्रेमनगर, भटगांव और प्रतापपुर—में अब कुल 980 मतदान केंद्र हैं। युक्तियुक्तरण के तहत 91 नए मतदान केंद्र जोड़कर यह संख्या बढ़ाई गई है, जबकि पहले 889 मतदान केंद्र थे।
विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा के बाद 28 अक्टूबर 2025 तक जिले में कुल 7,40,212 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 6,65,504 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए। जांच के दौरान मृत, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि, अनुपस्थित और अन्य श्रेणी के कुल 74,708 मतदाता चिन्हित किए गए, जिनके गणना प्रपत्र विभिन्न कारणों से प्राप्त नहीं हो सके।
23 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले में कुल 6,65,504 मतदाता दर्ज किए गए, जिनमें 3,36,855 पुरुष, 3,28,642 महिला और 7 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 10,025 मतदाताओं को कैटेगरी ‘सी’ में रखा गया है। इनमें वे मतदाता शामिल हैं जिनका या जिनके पिता का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। ऐसे मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, जिसके बाद सुनवाई कर अंतिम सूची में नाम शामिल किए जाएंगे।
नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी तेज़ी से जारी है। 23 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 के बीच कुल 17,422 नए मतदाताओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा नाम विलोपन, संशोधन और स्थानांतरण से जुड़े फॉर्म भी बड़ी संख्या में जमा हुए हैं।
बैठक में कैटेगरी ‘सी’ के मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया और मतदान केंद्रों में लॉजिकल त्रुटियों पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी राजनीतिक दलों ने निर्वाचन कार्यों में पारदर्शिता और आपसी समन्वय की सराहना की तथा प्रक्रिया को सुचारू बताया।


