भारत-पाक मैच पर सस्पेंस गहराया: PCB का बहिष्कार दावा, ICC को बिना सूचना नया दांव

आगामी टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा इंतजार वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले ग्रुप स्टेज मैच से दूरी बनाने का ऐलान तो कर दिया है, लेकिन अब इस फैसले ने नया मोड़ ले लिया है।
सूत्रों के अनुसार, पीसीबी ने इस बहिष्कार की कोई औपचारिक जानकारी आईसीसी को न भेजने का फैसला किया है। यानी न ईमेल, न पत्र—बस बयान और चुप्पी। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के जरिए जरूर यह साफ किया कि टीम टूर्नामेंट खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं लेगी। हालांकि, क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था आईसीसी तक यह बात आधिकारिक रूप से नहीं पहुंचाई गई है।
आईसीसी फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अगर पीसीबी की ओर से कोई लिखित सूचना नहीं आती, तो यह विवाद लंबा खिंच सकता है और मैच का भविष्य अधर में लटका रहेगा।
इससे पहले बांग्लादेश को भारत में खेलने से इनकार करने पर टूर्नामेंट से बाहर किया जा चुका है। उस मामले में ढाका ने आईसीसी से संवाद किया था, जबकि पाकिस्तान की “चुनिंदा भागीदारी” नीति पर आईसीसी नाराज मानी जा रही है। वैश्विक टूर्नामेंट में इस तरह का रवैया नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है।
आईसीसी ने संकेत दिए हैं कि अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहा, तो उस पर प्रतिबंध, आर्थिक जुर्माना या यहां तक कि टूर्नामेंट से बाहर करने जैसी सख्त कार्रवाई हो सकती है।
दूसरी ओर, टीम इंडिया पूरी तरह अपने खेल पर फोकस किए हुए है। भारत 7 फरवरी को अमेरिका और 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अपने शुरुआती मुकाबले खेलेगा। भारत-पाक मैच तय कार्यक्रम के अनुसार कोलंबो में होना है। मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
नियमों के मुताबिक, टॉस के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर उतरेंगे। अगर पाकिस्तान की टीम नहीं आती है, तो भारत को वॉकओवर के साथ सीधे 2 अंक मिलेंगे। बीसीसीआई ने साफ किया है कि आईसीसी से आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने तक वह इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा।



