नर्सरियों में हाईटेक बदलाव की तैयारी! न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक से वन विकास निगम बढ़ाएगा उत्पादन और गुणवत्ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन प्रबंधन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम ने न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक (NFT) के प्रभावी उपयोग और भविष्य की रणनीति तय करने के लिए विशेष बैठक आयोजित की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नर्सरियों में पौध उत्पादन, प्रबंधन और वनरोपण कार्यों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना रहा।
विशेषज्ञों ने बताया कि न्यूट्रिशन फ्लो तकनीक के माध्यम से पौधों को नियंत्रित और संतुलित पोषक तत्व उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस प्रक्रिया से कम पानी में अधिक उत्पादन संभव है, जिससे संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। नियंत्रित वातावरण में स्वस्थ, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण पौधे तैयार करना इस तकनीक की प्रमुख विशेषता मानी जा रही है।
बैठक में तकनीक के तकनीकी पहलुओं, व्यवहारिक उपयोग, संभावित चुनौतियों और दीर्घकालिक लाभों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने निर्णय लिया कि वन विकास निगम की नर्सरियों में इस तकनीक को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना और लंबी अवधि का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
साथ ही कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण देने, उनकी तकनीकी क्षमता बढ़ाने और पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने पर भी सहमति बनी। यह पहल राज्य के वन क्षेत्र में नवाचार, सतत विकास और आधुनिक कृषि-वानिकी तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।




