अटल डिजिटल केंद्रों से बदली गांव की तस्वीर, कोंडागांव में घर के पास मिल रहीं बैंकिंग और शासकीय सेवाएं

रायपुर। कोंडागांव जिले के ग्रामीण इलाकों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच तेजी से बढ़ी है। गांवों में शुरू किए गए अटल डिजिटल केंद्र अब ग्रामीणों के लिए बैंकिंग और शासकीय सेवाओं का भरोसेमंद माध्यम बनते जा रहे हैं। इन केंद्रों की वजह से लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए शहर नहीं जाना पड़ रहा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है।
इन केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं, बिजली बिल जमा, डीटीएच रिचार्ज, महतारी वंदन योजना की राशि निकासी, श्रम कार्ड से जुड़ी सुविधाएं, डिजी-पे के माध्यम से शासकीय योजनाओं की राशि प्राप्त करना, वाहन और स्वास्थ्य बीमा जैसी कई जरूरी सेवाएं गांव के पास ही मिल रही हैं। इससे सेवाओं का लाभ अब अधिक सुरक्षित, आसान और पारदर्शी तरीके से मिल रहा है।
जिले की 260 ग्राम पंचायतों में वीएलई के साथ एमओयू कर इन सेवाओं का विस्तार किया गया है। अटल डिजिटल केंद्रों के माध्यम से अब तक 2,78,083 ट्रांजेक्शन किए जा चुके हैं, जिनके जरिए 84 करोड़ 23 लाख 23 हजार 76 रुपये का लेनदेन हुआ है। वहीं, प्रति वीएलई प्रति माह 136 ट्रांजेक्शन और 4,10,889 रुपये के औसत के साथ कोंडागांव जिला राज्य में प्रथम स्थान पर दर्ज किया गया है।
यह उपलब्धि बताती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को लेकर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। जिला प्रशासन इस व्यवस्था को और मजबूत बनाने में जुटा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसका फायदा पहुंचाया जा सके।




