सुशासन तिहार से मिली राहत: डेढ़ घंटे में 40 हजार रुपये का बिजली बिल माफ

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जिलेभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए प्रशासन दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर ही उनका समाधान कर रहा है। इससे लोगों का शासन पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
इसी कड़ी में कोरबा जिले के ग्राम चुइया निवासी घुरविंद दास महंत को बड़ी राहत मिली। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले घुरविंद लंबे समय तक बिजली बिल जमा नहीं कर सके, जिसके कारण बकाया राशि बढ़कर लगभग 90 हजार रुपये तक पहुंच गई थी। आर्थिक तंगी के कारण वे काफी परेशान थे।
गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी। अधिकारियों ने उन्हें मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई शुरू की। विद्युत विभाग की टीम ने उनके घर पहुंचकर जांच की, जिसके बाद योजना के तहत करीब 40 हजार रुपये का बिजली बिल माफ कर दिया गया। शेष राशि को आसान किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई।
महज डेढ़ घंटे में समस्या के समाधान से घुरविंद दास महंत और उनका परिवार बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि अब वे बिना आर्थिक दबाव के किश्तों में बिल जमा कर सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सुशासन तिहार अभियान के प्रति आभार जताते हुए इसे जरूरतमंदों के लिए बेहद संवेदनशील और उपयोगी पहल बताया।




