छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सुशासन तिहार में उमड़ा ग्रामीणों का भरोसा, 28 पंचायतों की समस्याएं पहुंचीं प्रशासन तक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ अभियान के तहत सरगुजा जिले के अंबिकापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खलीबा क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाकर लोगों की मांगों, शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में क्लस्टर की 28 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने विशेष रूप से मौजूद रहकर विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रबोध मिंज ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ सरकार का ऐसा अभियान है, जिसमें प्रशासन खुद गांवों तक पहुंचकर जनता की समस्याएं सुन रहा है और मौके पर समाधान देने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से बिना झिझक अपनी समस्याएं रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि शासन हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिविर में कुल 905 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान 51 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन स्वीकृति आदेश, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े दस्तावेज वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता वीर सम्मान पत्र भी प्रदान किए गए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button