छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त से महिलाओं को मिला आत्मनिर्भरता का नया संबल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बनती जा रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की जा रही है, जिससे वे अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

11 जुलाई को योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद प्रदेशभर की लाखों महिलाओं में खुशी का माहौल है। लाभार्थियों का कहना है कि नियमित रूप से मिलने वाली यह राशि उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता का भरोसा दे रही है और अब छोटे-मोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

जशपुर जिले के कुनकुरी की लाभार्थी ज्योति पांडेय बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब वे योजना से मिलने वाली राशि से अपने दैनिक खर्च आसानी से पूरा कर रही हैं।

रेहाना खातून के अनुसार पहले वे मजदूरी कर परिवार का सहयोग करती थीं। योजना से मिलने वाली सहायता ने उन्हें घरेलू व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास दिया। आज वे स्वयं आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

लाभार्थी कविता शर्मा का कहना है कि हर महीने मिलने वाली सहायता राशि उनके लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है। इससे वे अपनी आवश्यकताओं को सहजता से पूरा कर पा रही हैं और पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।

अंजू शर्मा ने बताया कि अब उन्हें छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता। महतारी वंदन योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया है।

लाभार्थी महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सम्मान की भावना को मजबूत करने वाली प्रभावी पहल बन चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button