17 जुलाई को सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, मुख्यमंत्री को मिला केंद्रीय रेल मंत्री का निमंत्रण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र सौंपा।
बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दोनों रेलवे स्टेशनों पर किए गए अधोसंरचना विकास, आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्टेशन के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ प्रदेश के विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक स्वरूप की ओर बढ़ रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार का प्रमुख आधार है। सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। इससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रदेश के लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित और पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाना है।




