Major relief for Chhattisgarh's sugarcane farmers from the Sai government; procurement will now take place at the rate of ₹425 per quintal.

छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को साय सरकार की बड़ी राहत, अब ₹425 प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी

छत्तीसगढ़ में गन्ना खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गन्ना उत्पादक किसानों के हित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय से भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गन्ने की खरीदी के लिए 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित करने का निर्णय लिया।

मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित थे। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली से ही गांवों और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य खेती को लाभकारी बनाना, कृषि लागत कम करने की दिशा में काम करना और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के गन्ना उत्पादकों को बढ़ी हुई दर का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है। पुराने पेराई सत्र के भुगतान को भी नई दर से जोड़ने का निर्णय इस घोषणा का अहम हिस्सा है।

ये खबर भी पढ़ें —:

Leave a Reply