छत्तीसगढ़ में हेल्थ एजुकेशन का बड़ा मंच, वाइस चांसलर मीट बना ऐतिहासिक अवसर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर मीट-2026 को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर देशभर से आए कुलपतियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि पहली बार हो रहा यह सम्मेलन स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों के आदान-प्रदान का बड़ा मंच बनेगा, जिससे भविष्य में नीति निर्माण और आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। पांच नए मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और एक होम्योपैथी कॉलेज का निर्माण जारी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राज्य की नींव होते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कर्ज या संपत्ति बेचने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने मधुमेह और कैंसर जैसी बीमारियों के बढ़ते खतरे पर चिंता जताते हुए “आरोग्य मंदिर” जैसी पहलों को जरूरी बताया। साथ ही राज्य के वन क्षेत्रों में उपलब्ध औषधीय पौधों की समृद्धि का जिक्र करते हुए आयुर्वेद को बढ़ावा देने की बात कही।
राजधानी क्षेत्र में विकसित हो रहे मेडिसिटी हब का जिक्र करते हुए बताया गया कि यहां 5000 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा, जिससे प्रदेश को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कोविड-19 के दौरान भारत की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा गया कि देश ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा की बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मदद पहुंचाई।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिकित्सा शिक्षा में हिंदी माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को भविष्य की दिशा बताया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एम्बुलेंस सेवाओं और स्वास्थ्य संस्थानों का तेजी से विस्तार किया गया है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए और इस सम्मेलन से मिले सुझाव नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।




