छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बीजापुर के छोटे से गांव गुदमा का बेटा बना मिसाल, UPSC में 816वीं रैंक लाकर बस्तर का नाम रोशन

रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर बस्तर संभाग के साथ पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र से निकलकर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक में सफलता पाना उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अंकित सकनी और उनके पिता चंद्रैया सकनी से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई दी। बातचीत के दौरान उन्होंने अंकित की मेहनत और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ और आदिवासी अंचल के छोटे से गांव से निकलकर यूपीएससी में सफलता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि अंकित की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बस्तर में शांति और विकास का वातावरण बने तो यहां के युवा अपनी प्रतिभा के दम पर देश ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर भी पहचान बना सकते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफल होकर अंकित जैसे युवा प्रशासनिक व्यवस्था में अहम भूमिका निभाएंगे और समाज तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

वहीं अंकित के पिता चंद्रैया सकनी ने बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे गांव का नाम रोशन हुआ है।

अंकित सकनी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया। उनका कहना है कि उनका सपना देश की सेवा करना है और वे आगे भी समाज के लिए काम करना चाहते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button