अर्जुन तेंदुलकर की शादी 5 मार्च को! पीएम मोदी और सोनिया गांधी को दिया न्योता, मुंबई में शुरू होंगी रस्में

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के घर शहनाई बजने की तैयारी है। उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी सानिया चंडोक के साथ 5 मार्च को होने की खबर है। शादी से पहले तेंदुलकर परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया। इस खास पल की तस्वीर खुद सचिन ने सोशल मीडिया पर साझा की और इसे सौभाग्य बताया। साथ ही कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी शादी का न्योता दिया गया है।
अर्जुन और सानिया ने अगस्त 2025 में निजी समारोह में सगाई की थी, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी लोग शामिल हुए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी की रस्में 3 मार्च से मुंबई में शुरू होंगी और समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों से संपन्न होगा। आयोजन सीमित मेहमानों के बीच कई दिनों तक चलने की संभावना है, हालांकि शादी की तारीख को लेकर परिवार की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
सानिया चंडोक मुंबई की जानी-मानी युवा उद्यमी हैं। वह ‘मिस्टर पॉज’ नाम से प्रीमियम पेट सैलून, स्पा और स्टोर चलाती हैं। लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई कर चुकी सानिया प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह अर्जुन की बहन सारा तेंदुलकर की करीबी मित्र भी हैं।
वहीं अर्जुन तेंदुलकर फिलहाल गोवा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। IPL 2026 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से मैदान में उतरते नजर आएंगे। इससे पहले वह मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं।



