विधानसभा की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए बस्तर के सरपंच, लोकतंत्र की समझ हुई और गहरी

बस्तर संभाग के विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए सरपंचों ने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का भ्रमण कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नजदीक से समझा। इस दौरान उन्हें सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय लेने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान सरपंचों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से संवाद भी किया। उपमुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र में लोकतंत्र के प्रति विश्वास को और मजबूत करना रहा।
सरपंचों ने बताया कि विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष देखने से उन्हें शासन व्यवस्था और जनसेवा की बेहतर समझ मिली है। सदन में विभिन्न मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष के बीच होने वाली सकारात्मक चर्चा उन्हें प्रेरणादायी लगी। उनका कहना था कि इससे यह विश्वास बढ़ता है कि जनसमस्याओं को प्रभावी रूप से उठाया जाता है।
संवाद के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में सरपंचों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने बस्तर के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और पंचायत सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में सरपंचों ने राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव उन्हें अपने गांवों में अधिक जिम्मेदारी और बेहतर नेतृत्व के साथ काम करने के लिए प्रेरित करेगा।




