सैनिक कल्याण की दिशा में बड़ा फैसला, अनुग्रह राशि और सम्मान राशि में भारी बढ़ोतरी

रायपुर। युद्ध या सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि अब 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। वीरता अलंकरण पाने वाले सैनिकों के लिए भी राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। परमवीर चक्र विजेताओं को अब 1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिलेगी, पहले यह 40 लाख थी।
दिव्यांग हुए सैनिकों को दी जाने वाली अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख की गई है। सैनिकों के माता-पिता को मिलने वाली जंगी इनाम राशि 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दी गई है। साथ ही प्रथम भूमि या गृह क्रय पर सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों व विधवाओं को 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय भी लिया गया।
ये अहम निर्णय राजधानी रायपुर के मंत्रालय (महानदी भवन) में आयोजित राज्य सैनिक बोर्ड की छठवीं बैठक में लिए गए, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की।
बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा हुई और सहमति बनी।




