परीक्षा से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का छात्रों को संदेश – “डर नहीं, आत्मविश्वास से करें मुकाबला”

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं को परीक्षा से पहले शुभकामनाएँ देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने आत्मीय संदेश में कहा, “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों,” और विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं, पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने समझाया कि यदि मन में डर है तो इसका अर्थ यह नहीं कि आप कमजोर हैं, बल्कि यह इस बात का संकेत है कि आप अपनी पढ़ाई और भविष्य को लेकर गंभीर हैं। डर को आत्मविश्वास पर हावी न होने देने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे साल की मेहनत, अभ्यास और दोहराव ही आपकी असली ताकत है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, कठिन विषयों की पुनरावृत्ति और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही पर्याप्त नींद लेने, पौष्टिक भोजन करने और मोबाइल फोन से दूरी बनाकर लक्ष्य पर फोकस करने की बात कही।
उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।




