यूपीएससी 2025 में छत्तीसगढ़ के युवाओं की सफलता, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल पर दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता हासिल करने वाले छत्तीसगढ़ के युवाओं से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की मेहनत और उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने खरसिया (रायगढ़) के रौनक अग्रवाल, रायपुर के संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी के डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह से संवाद किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के परिवारजनों से भी चर्चा करते हुए इस उपलब्धि पर गर्व जताया और बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन युवाओं ने अपनी लगन, मेहनत और धैर्य से देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं का सिविल सेवा में चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और युवा अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए नई प्रेरणा और ऊर्जा का स्रोत बनेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि ये सभी युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा करेंगे और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।




