मध्यप्रदेश में कंगना के किसानों पर किए गए ट्वीट के विरोध में कांग्रेसियों ने शूटिंग स्पॉट पर बैरिकेड तोड़े

मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अभिनेत्री कंगना रनोट की शूटिंग के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेसियों ने शुक्रवार को कोल हैंडलिंग प्लांट के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और बैरिकेड तोड़ दिए। यहीं फिल्म धाकड़ की शूटिंग चल रही है।
इसके बाद पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। इसमें जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा अतुलकर सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ता उस ट्वीट पर कंगना से माफी की मांग कर रहे थे, जिसमें उन्होंने किसानों को आतंकी बताया था।
हंगामे के दौरान कंगना चूरना रेस्ट हाउस में थीं। पुलिस ने उन्हें यहां आने से पहले ही मना कर दिया था। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कंगना माफी नहीं मांगेंगी तो आगे भी प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने सारनी में हाे रही शूटिंग रोकने की भी धमकी दी थी। इसके बाद गृह मंत्री के निर्देश पर पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी थी।