सिंगीबहार–कछुआकानी मार्ग के जर्जर पुल का निर्माण शुरू, वर्षों बाद क्षेत्रवासियों को मिली राहत

रायपुर। जशपुर जिले के सिंगीबहार से कछुआकानी मुख्य मार्ग पर स्थित लंबे समय से जर्जर पुल के पुनर्निर्माण का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। पुल की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता था, जिससे ग्रामीणों, किसानों और मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि यह छत्तीसगढ़ को पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा से जोड़ता है। पुल की खराब स्थिति के चलते यातायात बाधित रहता था और आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा था।
मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निर्देश मिलते ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने के बाद न केवल सुरक्षित आवागमन संभव होगा, बल्कि आसपास के गांवों के विकास, व्यापार और संपर्क सुविधाओं को भी नई गति मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे वर्षों पुरानी समस्या के समाधान के रूप में देख रहे हैं।




