किसानों से सीधे जुड़ाव, धान खरीदी व्यवस्था पर कड़ा फोकस

सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित डांडगांव धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। खरीदी केंद्र में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुगम हो, साथ ही किसी भी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
किसानों ने बताया कि प्रति क्विंटल 3100 रुपये के समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा ने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूती दी है। वहीं, ‘टोकन तुंहर हाथ’ ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से लाइनें खत्म हुई हैं और पूरी प्रक्रिया आसान हुई है। इस सुविधा और मजबूत व्यवस्था के लिए किसानों ने सरकार के प्रति आभार जताया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मेहनत का मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों में गुणवत्ता, व्यवस्था और समयबद्धता सुनिश्चित हो।




