डेंटिस्ट से उद्यमी बनीं डॉ. शिबानी, योजना की मदद से खड़ा किया खुद का क्लिनिक

रायपुर। बदलते समय के साथ महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। बस्तर की डॉ. शिबानी रानी सारंगी इसी बदलाव की एक सशक्त मिसाल हैं, जिन्होंने अपने हुनर और हौसले के दम पर चिकित्सा और उद्यमिता—दोनों क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।
बचपन से समाज सेवा की भावना रखने वाली शिबानी ने कड़ी मेहनत कर डेंटल सर्जरी की पढ़ाई पूरी की और ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी में विशेषज्ञता हासिल की। हालांकि पढ़ाई के बाद अपना क्लिनिक शुरू करना उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि आर्थिक संसाधनों की कमी एक बड़ी बाधा बनकर सामने आई।
इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी मिली। उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जगदलपुर से संपर्क किया और पंजाब नेशनल बैंक की डिमरापाल शाखा में आवेदन किया। योजना के तहत उन्हें 8.56 लाख रुपए का ऋण मिला, साथ ही 2.25 लाख रुपए की सब्सिडी ने उनकी राह को और आसान बना दिया।
साल 2024 में उन्होंने जगदलपुर के कोठारी कॉम्प्लेक्स स्थित श्रीराम पॉलीक्लिनिक में अपना डेंटल क्लिनिक शुरू किया। आज उनका क्लिनिक न केवल सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, बल्कि हर साल 3 से 4 लाख रुपए का टर्नओवर भी दे रहा है।
खास बात यह है कि उन्होंने अपने साथ दो अन्य महिलाओं को भी रोजगार देकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। डॉ. शिबानी की कहानी यह साबित करती है कि सही दिशा, मेहनत और सरकारी योजनाओं का साथ मिल जाए, तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।




