डीएसपी पर चाकू से हमला: दुष्कर्म केस दर्ज कराने वाली महिला ही निकली हमलावर, रिटायर्ड फौजी भी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुकमा के डीएसपी तोमेश वर्मा पर हुए जानलेवा हमले का चौंकाने वाला सच सामने आया है। हमला करने वाली महिला वही निकली, जिसने डीएसपी के खिलाफ पहले से दुष्कर्म का मामला दर्ज करा रखा था। महिला अपने रिटायर्ड फौजी साथी के साथ दुर्ग से करीब 350 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा पहुंची और वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, डीएसपी सरकारी कार्य से दंतेवाड़ा सत्र न्यायालय पहुंचे थे। वहीं मुलाकात के बाद दोनों आरोपी उनकी कार में बैठ गए। कार में बैठते ही महिला ने चाकू निकालकर डीएसपी को धमकाया और इधर-उधर ले जाने को कहा। कोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही टीवीएस शोरूम के पास महिला के साथी ने डीएसपी की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
हमले में डीएसपी गंभीर रूप से घायल हो गए और बीच सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आत्मरक्षा में डीएसपी ने रिवॉल्वर निकाली, इसी बीच सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया। घायल डीएसपी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के डीएसपी से पुराने संबंध थे। महिला ने 20 दिसंबर 2024 को दुर्ग के मोहननगर थाने में डीएसपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराई थी, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।




