एपस्टीन की मौत के बाद खुला राज़: आखिरी कॉल, प्रेमिका और करोड़ों की विरासत

जेफरी एपस्टीन की रहस्यमयी मौत को सालों बीत चुके हैं, लेकिन उससे जुड़े राज आज भी परत-दर-परत खुलते जा रहे हैं। हाल ही में सार्वजनिक हुए दस्तावेजों ने एपस्टीन की निजी जिंदगी के उस अध्याय को उजागर किया है, जिस पर अब तक कम ही रोशनी पड़ी थी।
इन फाइलों में बेलारूस की दंत चिकित्सक कैरीना शुलियाक का नाम सामने आया है, जिन्हें एपस्टीन की प्रेमिका और लंबे समय तक बेहद करीबी साथी बताया गया है। रिकॉर्ड बताते हैं कि अगस्त 2019 में संघीय हिरासत में मौत से पहले एपस्टीन ने अपनी आखिरी फोन कॉल भी कैरीना को ही की थी।
दस्तावेजों के अनुसार, दोनों की पहली मुलाकात 2010 में बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में हुई थी। तब कैरीना महज 20 साल की थीं। एक साझा परिचित के जरिए शुरू हुई यह जान-पहचान धीरे-धीरे गहरे रिश्ते में बदल गई। बाद में कैरीना अमेरिका चली गईं, जहां शुरुआती दौर में उन्हें एपस्टीन के यहां काम करते हुए दिखाया गया, लेकिन आगे चलकर उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के डेंटल कॉलेज में पढ़ाई की और 2015 में डिग्री हासिल की। फाइलों में यह भी दर्ज है कि एपस्टीन ने उनकी पढ़ाई और जीवनशैली में आर्थिक मदद की।
जारी दस्तावेज इस रिश्ते को नजदीकी के बावजूद असंतुलित बताते हैं। ईमेल और संदेशों में भावनात्मक दबाव, निर्भरता और तनाव साफ झलकता है। कभी एपस्टीन उन्हें प्रेमिका कहते थे, तो कभी मंगेतर। उनकी संपत्ति के रिकॉर्ड में एक महंगी हीरे की अंगूठी का जिक्र भी है, जिसे सगाई से जोड़ा गया है। साथ ही, ईर्ष्या और मतभेदों के संकेत भी इन संवादों में नजर आते हैं।
फाइलों में यह भी सामने आया है कि कैरीना को एपस्टीन की संपत्ति की प्रमुख लाभार्थी बताया गया है, जिसकी कीमत करोड़ों डॉलर आंकी गई थी। इन खुलासों के बाद एपस्टीन के जीवन में कैरीना शुलियाक की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दस्तावेज यही इशारा करते हैं कि यह रिश्ता सीधा-सादा नहीं, बल्कि भावनात्मक उलझनों और विवादों से भरा हुआ था।



