रामावतार जग्गी हत्याकांड में अंतिम सुनवाई कल, कोर्ट सख्त—24 घंटे में जवाब देने का निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड में अब मामला निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। हाईकोर्ट की स्पेशल डिवीजन बेंच ने गुरुवार को इस केस की अंतिम सुनवाई तय कर दी है।
बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच के सामने अमित जोगी के वकील ने केस से जुड़े दस्तावेज और जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। इस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए समय देने से इनकार कर दिया।
कोर्ट ने सीबीआई को निर्देश दिया कि वह तुरंत केस की फाइल उपलब्ध कराए, ताकि पक्षकार अपना जवाब तैयार कर सकें। साथ ही अमित जोगी के वकील को 24 घंटे के भीतर जवाब दाखिल करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस मामले को फिर से हाईकोर्ट में खोला गया है। सुनवाई के दौरान सतीश जग्गी, सीबीआई, राज्य सरकार और अमित जोगी के पक्षकार मौजूद रहे। अब सभी की नजरें गुरुवार को होने वाली अंतिम सुनवाई पर टिकी हैं।




