छत्तीसगढ़ में दूसरी बार कावड़ियों पर पुष्प वर्षा, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम

रायपुर। कबीरधाम जिले के भोरमदेव में एक बार फिर आस्था और संस्कृति का अनोखा मिलन देखने को मिला, जब हेलीकॉप्टर से शिव भक्तों पर पुष्प वर्षा की गई। यह आयोजन दूसरी बार हुआ, और यह उस बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर पेश करता है जहाँ भक्ति परंपरा को सम्मान और पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मिलकर इस अलौकिक क्षण को साकार किया। पुष्प वर्षा का यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
विजय शर्मा के प्रयासों से बदलती तस्वीर
इस ऐतिहासिक आयोजन की नींव उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों से रखी गई। उनका कहना है, “कभी सनातनियों पर लाठियां बरसती थीं, अब भोलेबाबा के भक्तों पर पुष्प बरस रहे हैं।” यह कथन छत्तीसगढ़ में आस्था को लेकर आए सकारात्मक बदलाव को रेखांकित करता है।
धार्मिक परंपराओं को मिली नई ऊर्जा
यह आयोजन सिर्फ पुष्प वर्षा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक चेतना को नई ऊर्जा देने वाला पर्व बन गया है। कावड़ यात्रा के दौरान हुए इस सम्मान ने श्रद्धालुओं में नया उत्साह भरा है, और यह संदेश दिया है कि आस्था की राह में अब स्वागत है, उपेक्षा नहीं।