मोदी के जन्म दिवस पर स्वस्थ्य नारी-सशक्त परिवार योजना का देशव्यापी शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश के धार जिले से स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से हजारों महिलाओं के साथ वर्चुअली जुड़े।
मोदी ने कहा कि विकसित भारत की नींव नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब और किसान के चार स्तंभों पर टिकी है। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे जिनमें टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की जांच और दवा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रधानमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान से अब तक 4.5 करोड़ से अधिक महिलाओं को 19 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। सिकल सेल एनीमिया मिशन से 5 करोड़ से अधिक स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है और 1 करोड़ कार्ड जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित बनाएगा।
मोदी ने पीएम मित्र पार्क और पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए रोजगार सृजन की बात कही और त्योहारों के मौके पर स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया।

विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक होने वाले शिविर महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम होंगे। मुख्यमंत्री ने पोषण कैलेंडर का विमोचन किया और मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया।
साय ने पोषण रथ को रवाना किया और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत चंदन का पौधा भी लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया।
- 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
- महिलाओं के लिए टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच और दवाई उपलब्ध होगी।
- पोषण कैलेंडर का विमोचन और मेधावी छात्राओं का सम्मान किया गया।
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े।
- पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की गई।