छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

श्रवण-यंत्र ने बदली जिंदगी: कवर्धा के माखन निर्मलकर को समाज कल्याण विभाग से मिला नया सहारा

रायपुर। राज्य शासन की जनहितैषी और संवेदनशील नीतियां अब सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका असर आम लोगों के जीवन में साफ नजर आने लगा है। समाज कल्याण विभाग की एक सराहनीय पहल से कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर, वार्ड क्रमांक–2 निवासी माखन निर्मलकर के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगी है। लंबे समय से श्रवण बाधा से परेशान माखन निर्मलकर को 31 दिसंबर 2025 को श्रवण-यंत्र प्रदान किया गया, जिससे उनकी दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है।

श्रवण-यंत्र मिलने के बाद उनकी सुनने की क्षमता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अब वे बिना किसी झिझक के बातचीत कर पा रहे हैं और परिवार, पड़ोसियों व समाज के लोगों से सहज संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस बदलाव ने न केवल उनकी सामाजिक सक्रियता बढ़ाई है, बल्कि आत्मविश्वास भी लौटाया है।

माखन निर्मलकर बताते हैं कि पहले कम सुनाई देने के कारण रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ सामाजिक जीवन में भी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लोगों से बातचीत में संकोच रहता था और अकेलापन महसूस होने लगा था। लेकिन श्रवण-यंत्र मिलने के बाद वे मानसिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने इस सहायता के लिए शासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया। दिव्यांगजनों को श्रवण-यंत्र जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराना राज्य शासन की मानवीय सोच और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसी पहल से दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button