गरियाबंद में सिंचाई नेटवर्क को मिले पंख, दो नहर परियोजनाओं के लिए 5.33 करोड़ की मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने गरियाबंद जिले की दो अहम सिंचाई योजनाओं के नहर विस्तारीकरण के लिए कुल 5 करोड़ 33 लाख 09 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इस फैसले से इलाके में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
स्वीकृत कार्यों में विकासखंड गरियाबंद के अंतर्गत सिकासार से कोडार लिंक परियोजना से झलप तक नहर विस्तारीकरण का सर्वेक्षण शामिल है, जिसके लिए 2 करोड़ 87 लाख 51 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं सिकासार जलाशय परियोजना के तहत कुकुदा पिकअप वियर से निकलने वाली आरबीसी नहर को फिंगेश्वर डिस्ट्रीब्यूटरी होते हुए महासमुंद जिले के कोडार जलाशय तक विस्तारित किया जाएगा। इस कार्य के लिए 2 करोड़ 45 लाख 58 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कृषि सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।




