छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

इंद्रावती नदी पर नए बैराज की स्वीकृति पर जगदलपुर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, पेयजल समस्या के समाधान की जताई उम्मीद

रायपुर। विधानसभा भवन स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में आज जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रस्तावित बैराज के निर्माण से जगदलपुर शहर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है और धीरे-धीरे शांति का वातावरण बन रहा है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।

उन्होंने आगे बताया कि सिंचाई क्षेत्र का विस्तार करने के लिए मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। पानी के अपव्यय को कम करने और किसानों तक बेहतर ढंग से पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

गौरतलब है कि बजट में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंद्रावती नदी के महादेव घाट पर बैराज निर्माण की घोषणा की गई है। इसके निर्माण से जगदलपुर शहर की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

इस दौरान नगर निगम के सभापति खेम सिंह देवांगन सहित निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, योगेन्द्र पाण्डेय और राणा घोष भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button