कोरबा प्रेस क्लब में विकास की रफ्तार तेज: पत्रकारिता की निष्पक्षता पर मंत्री का जोर

रायपुर। कोरबा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य, उद्योग, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम और आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने पत्रकारिता की भूमिका को समाज का आईना बताते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया में जो दिखता और छपता है, आम जनता उसे ही सच मानती है, इसलिए खबरों में ईमानदारी और निर्भीकता बेहद जरूरी है।
तिलक भवन स्थित प्रेस क्लब में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में उन्होंने प्रेस क्लब को एक सक्रिय और ऊर्जावान संस्था बताया, जो पत्रकारों के हित में लगातार काम कर रही है। इस दौरान एनटीपीसी के सीएसआर फंड से लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण का वर्चुअल भूमिपूजन किया गया। साथ ही प्रेस क्लब में एलईडी प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी, साउंड सिस्टम और स्क्रीन जैसी आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण भी हुआ।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने बताया कि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों के लिए लगातार फंड उपलब्ध कराया जा रहा है। बीते दो वर्षों में करीब 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल ने मंत्री की सरलता और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से शहर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रेस कॉम्प्लेक्स में शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति भी मिली है।
प्रेस क्लब के स्थापना दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान भी किया गया। इस मौके पर कई गणमान्य नागरिक और पत्रकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




