कोरिया महोत्सव में जनकल्याण की सौगात, उज्ज्वला कनेक्शन से लेकर पिंक ई-रिक्शा तक लाभ वितरण

रायपुर। कोरिया प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर लाभान्वित किया। कार्यक्रम में 105 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे परिवारों, विशेषकर महिलाओं को धुएं से राहत मिलेगी और स्वच्छ व सुरक्षित ईंधन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
स्व-रोजगार और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 आजीविका दीदियों को पिंक ई-रिक्शा (ग्रामीण आजीविका एक्सप्रेस) सौंपे गए। उन्होंने इसे महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम बताया। साथ ही कहा कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।
जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 14 स्वच्छता दीदियों को गार्बेज रिक्शा वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है, जिसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके और आत्मनिर्भर बन सके।



