छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 के लिए मंत्री स्तरीय चर्चा शुरू, नई योजनाओं पर मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट निर्माण की प्रक्रिया अब अपने सबसे महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। आज 6 जनवरी से रायपुर के महानदी भवन स्थित मंत्रालय में मंत्री स्तरीय बजट चर्चा की औपचारिक शुरुआत हो गई है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागों के मंत्रियों के साथ बैठकर उनके विभागों के बजट प्रस्तावों और नई योजनाओं (नवीन मद) पर चर्चा कर रहे हैं। यह बैठकें 9 जनवरी तक चलेंगी। आज पहले दिन उद्योग, आबकारी, श्रम, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण विभागों के प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।
सरकार का मुख्य फोकस बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने पर है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं योजनाओं को बजट में स्थान मिलेगा जो जनता के लिए प्रभावी और राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए लाभकारी होंगी। जिन प्रस्तावों पर सहमति नहीं बनेगी, उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद भी बजट प्रस्तावों की समीक्षा करेंगे। राज्य के युवाओं और किसानों को इस बजट से बड़ी उम्मीदें हैं, क्योंकि साय सरकार अपने तीसरे बजट में कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकती है।



