शिक्षा मंत्री ने किसानों से की मुलाकात, 2800 करोड़ की सिंचाई परियोजनाओं को मिली मंजूरी

रायपुर। भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ ने आज बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर आंदोलन किया। आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किसान प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नौ सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके बाद मंत्री यादव धरना स्थल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने उनका स्वागत किया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और किसान एक परिवार की तरह हैं और मुख्यमंत्री स्वयं किसान पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सिंचाई रकबा बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य कैबिनेट ने 15 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनके लिए 2800 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा धान खरीदी में 40 किलो पर 700 ग्राम से अधिक कटौती न करने, समितियों में भंडारण की व्यवस्था और खाद की कालाबाजारी पर सख्त नियंत्रण की घोषणा भी की गई।
कवर्धा के भोरमदेव शक्कर उत्पादक क्षेत्र के गन्ना किसानों को राहत देते हुए उनकी 46 करोड़ रुपये की बकाया राशि को भी स्वीकृति दी गई है। वित्त विभाग जल्द इसकी प्रक्रिया पूरी करेगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस पर किसानों ने खुशी जताई।



