जशपुर में धान खरीदी व्यवस्था दुरुस्त: कुनकुरी केंद्र पर किसानों को नहीं हो रही परेशानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत धान खरीदी को व्यवस्थित, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों पर शासन के निर्देशों के अनुसार जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
जशपुर के कुनकुरी विकासखंड स्थित धान खरीदी केंद्र में ग्राम घटमुंडा निवासी किसान विजय प्रताप ने बताया कि केंद्र में उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। उनके मुताबिक यहां साफ-सुथरा माहौल, पर्याप्त बारदाना और समय पर धान की तौल होने से पूरी प्रक्रिया आसान हो गई।
किसान ने यह भी कहा कि खरीदी केंद्र के कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है और पूरी व्यवस्था पारदर्शिता के साथ चलाई जा रही है। इससे किसानों का समय बच रहा है और उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिल रही है।
किसान विजय प्रताप ने सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मजबूत धान खरीदी व्यवस्था से किसानों में भरोसा बढ़ा है और इसका असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक रूप से दिख रहा है।
सरकार की ओर से धान खरीदी कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी केंद्रों पर किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, ताकि धान खरीदी समयबद्ध और बिना रुकावट पूरी हो सके।




