जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 13 अप्रैल से शुरू होगा प्रगणकों का प्रशिक्षण

रायपुर। जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और गणना (एचएलओ) की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 13 अप्रैल से प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसे 25 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूरा करना अनिवार्य रहेगा।
निर्धारित योजना के अनुसार, प्रशिक्षण तीन दिवसीय बैचों में आयोजित होगा। प्रत्येक बैच में 40 से 45 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिन्हें दो फील्ड ट्रेनर्स की टीम द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले सभी प्रतिभागियों का पंजीयन सीएमएमएस पोर्टल (census.gov.in) पर कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एचएलओ से जुड़ी निर्देश पुस्तिकाएं, पीपीटी प्रेजेंटेशन और हिन्दी में तैयार लघु शिक्षण वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम की मॉनिटरिंग सीएमएमएस डैशबोर्ड के जरिए की जाएगी।
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तय समय-सीमा के भीतर प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।




