रायपुर में स्कूल सुरक्षा पर सख्ती: डीसीपी ने प्रिंसिपलों के साथ बनाई एक्शन प्लान

रायपुर। रायपुर में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश गुप्ता ने शहर के लगभग 60 स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल और एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू भी मौजूद रहे।
बैठक में स्कूल परिसरों में बढ़ती चुनौतियों, छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए।
प्रमुख फैसले और निर्देश:
धारदार व आपत्तिजनक वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध
स्कूलों में औचक बैग जांच अनिवार्य होगी। यदि किसी छात्र के पास प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है तो अभिभावकों को तुरंत सूचना दी जाएगी, काउंसलिंग कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस को भी अवगत कराया जाएगा।
मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर नियंत्रण
छात्रों को मोबाइल दुरुपयोग से होने वाले साइबर बुलिंग, अश्लील कंटेंट, ऑनलाइन गेमिंग-सट्टा और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट जैसे अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर सख्ती
18 वर्ष से कम उम्र के छात्रों के दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने को कहा गया।
बुलिंग और गैंग कल्चर पर जीरो टॉलरेंस
स्कूल में झगड़ा, धमकी, बदमाशी और गैंग गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए गए। संदिग्ध छात्रों की काउंसलिंग और अभिभावकों से नियमित संवाद अनिवार्य रहेगा। गंभीर मामलों में पुलिस को सूचित किया जाएगा।
नशे के खिलाफ निगरानी
स्कूल बैग की जांच के साथ-साथ स्कूल के आसपास गुटखा, सिगरेट और ई-सिगरेट की बिक्री पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
स्कूल परिसर में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य होंगे। प्रवेश-निकास द्वार पर गार्ड तैनात रहेंगे और बाहरी व्यक्तियों का रजिस्टर संधारित किया जाएगा।
आपातकालीन संपर्क व्यवस्था
स्कूलों में नजदीकी थाना और बीट अधिकारी का मोबाइल नंबर उपलब्ध रखना अनिवार्य किया गया।
वॉशरूम में स्पष्ट संकेतक
महिला और पुरुष वॉशरूम पर स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या सुरक्षा समस्या न हो।
बैठक के अंत में डीसीपी उमेश गुप्ता ने स्कूल प्रबंधन से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाकर बच्चों के लिए सुरक्षित, सकारात्मक और अनुशासित माहौल तैयार करने की अपील की। पुलिस ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।


