बाढ़ पीड़ितों के सहारे बना रेडक्रॉस: सुरोखी के 18 परिवारों को मिली राहत

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के सुरोखी गांव में हाल ही में आई बाढ़ के कारण प्रभावित हुए 18 परिवारों को बड़ी राहत मिली है। रेडक्रॉस सोसायटी बीजापुर की पहल पर इन परिवारों को किचन सेट और हाईजीन किट वितरित की गई।
यह राहत वितरण कार्यक्रम कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें गांव के सरपंच और उप सरपंच की सक्रिय भागीदारी रही। कुंजाम पारा के ये 18 परिवार, जिनके कुल 86 सदस्य वर्तमान में सुरोखी राहत शिविर में शरण लिए हुए हैं, को जिला प्रशासन द्वारा भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सामग्री वितरण के समय रेडक्रॉस के जिला संगठक श्री नरवेद सिंह, स्थानीय विद्यालय के प्राचार्य और रेडक्रॉस के विद्यार्थीगण भी उपस्थित थे, जिन्होंने इस प्रयास को सहयोग और संवेदना के साथ सफल बनाया।
प्रशासन और समाज की इस संयुक्त पहल से यह संदेश गया है कि संकट की घड़ी में सहयोग और संवेदनशीलता ही सबसे बड़ा सहारा बनती है।