जशपुर के सरना एथनिक रिसॉर्ट को ग्रीन लीफ अवॉर्ड, छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिली नई पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। जशपुर में स्थित सरना एथनिक रिसॉर्ट को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के मानकों पर पूरी तरह खरा उतरने के लिए वर्ष 2025-26 का प्रतिष्ठित ग्रीन लीफ अवॉर्ड प्रदान किया गया है।
यह सम्मान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य को प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा भी मौजूद रहे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर टूरिज्म बोर्ड की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार बोर्ड की निरंतर मेहनत और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार सोच का परिणाम है।
ग्रीन लीफ अवॉर्ड स्वच्छता, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, कचरा प्रबंधन और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। यह भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय की स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग योजना के तहत दिया जाता है।
बीते कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने इको-फ्रेंडली पर्यटन को बढ़ावा देते हुए रिसॉर्ट्स, होमस्टे और ट्रेकिंग रूट्स का विकास किया है। सरना एथनिक रिसॉर्ट को मिला यह सम्मान राज्य की जैव विविधता संरक्षण, स्वच्छता और स्थानीय समुदाय सशक्तिकरण की दिशा में किए गए प्रयासों को मजबूती देता है। इससे छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।




