खेल

सोची : क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट-ट्रिक, पुर्तगाल ने स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोका

सोची : आखिरी मिनटों में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के शानदार गोल और इस फीफा विश्व कप की पहली हैट-ट्रिक की मदद से पुर्तगाल ने ग्रुप-बी के सबसे चर्चित मुकाबले में स्पेन को 3-3 से बराबरी पर रोक दिया। स्पेन की टीम 88वें मिनट तक 3-2 से आगे थी, लेकिन पीके की गलती से पुर्तगाल को फ्री-किक मिली, जिसे रोनाल्डो ने गोल में बदलकर यह अहम मुकाबला ड्रॉ कराया। उन्होंने मैच में चौथे, 44वें और 88वें मिनट में अपनी टीम के लिए गोल लगाए, जबकि स्पेन के लिए डिएगो कोस्टा ने 24वें और 55वें मिनट में दो गोल लगाए। स्पेन के लिए तीसरा गोल नाचो के खाते में गया।

फीफा विश्व कप की पहली हैट-ट्रिक

इस मुकाबले की शुरुआत जोरदार रही। पुर्तगाल के लिए पहला गोल कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किया। उन्होंने पहले हाफ के सिर्फ चौथे मिनट में मिली पेनल्टी को गोल में बदल दिया। पुर्तगाल को पेनल्टी एरिया में स्पेन के फाउल के कारण पेनल्टी मिली थी। रोनाल्डो की किक को स्पेनिश गोलकीपर डेविड डी गी रोकने में असफल रहे। इसके साथ ही क्रिस्टियानो रोनाल्डो चौथे विश्व कप में गोल करने के मामले में उवे सीलर, पेले और मिरोस्लाव क्लोस के बाद चौथे खिलाड़ी हो गए हैं।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किया

स्पेन की ओर से जवाबी कार्रवाई करते हुए डिएगो कोस्टा ने 24वें मिनट में गोल दागा। कोस्टा का यह दर्शनीय गोल देखने लायक था। लंबी दूरी से लगाया गया उनका शॉट 3 डिफेंडरों और गोलकीपर को छकाते हुए बाएं छोर से गोल पोस्ट में जा समाया। इसके साथ ही स्पेन 1-1 की बराबर पर पहुंच गया। स्पेनिश डिफेंडरों ने रोनाल्डो को बांधने की लाख कोशिशें की, लेकिन पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले ही रियल मैड्रिड स्टार रोनाल्डो ने एक और गोल दागकर पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी। स्टार स्ट्राइकर रोनाल्डो ने यह गोल मुकाबले के 44वें मिनट में गोंजालो गुएडेस से मिले पास पर लगाया था। यह गोल पुर्तगाल के लिए इसलिए भी जरूरी था, क्योंकि स्टार खिलाडिय़ों से भरी स्पेनिश टीम पुर्तगाल पर दबाव बनाते दिख रही थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button