समाज कल्याण योजनाओं से सूरजपुर में बदली जरूरतमंदों की ज़िंदगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का समाज कल्याण विभाग समाज के सबसे कमजोर तबकों को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी पहल कर रहा है। सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को आधार बनाकर संचालित योजनाओं का सीधा लाभ वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं, निराश्रितों और वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंच रहा है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
सूरजपुर जिले में सामाजिक सहायता पेंशन योजना के तहत 70 हजार से अधिक हितग्राहियों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के जरिए पेंशन वितरण को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया गया है।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए जिले में अब तक 5,230 विशिष्ट दिव्यांग पहचान पत्र जारी किए जा चुके हैं, वहीं 546 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। विशेष विद्यालयों और पुनर्वास केंद्रों के विस्तार से शिक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं भी मजबूत हुई हैं।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। सियान हेल्पलाइन केंद्र के माध्यम से बुजुर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है। इसके साथ ही वृद्धाश्रम और नशामुक्ति देखभाल गृहों के जरिए निराश्रित और उपेक्षित लोगों को आश्रय, पहचान और पुनर्वास की सुविधा दी जा रही है।




