खनिज निधि के कामों पर सख्ती: कलेक्टर ने दी डेडलाइन, 3 दिन में जमा करें पूर्णता प्रमाण पत्र

रायपुर। जिला कलेक्टोरेट में आज खनिज संस्थान न्यास (DMF) के तहत चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कार्यों की प्रगति पर कड़ी नजर रखी। उन्होंने विभिन्न विभागों और एजेंसियों से वर्षवार रिपोर्ट लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2017-18 से लेकर 2025-26 तक स्वीकृत, पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया। कलेक्टर ने खास तौर पर उन कार्यों पर सख्ती दिखाई जो पूर्ण हो चुके हैं लेकिन उनके दस्तावेज लंबित हैं। ऐसे सभी कार्यों के पूर्णता प्रमाण पत्र तीन दिन के भीतर जमा करने के निर्देश दिए गए, ताकि रिकॉर्ड अपडेट और व्यवस्थित रखा जा सके।
इसके अलावा, पोर्टल पर लंबित मामलों को जल्द निपटाने के लिए आवश्यक दस्तावेज समय पर अपलोड करने को कहा गया। कलेक्टर ने साफ किया कि सभी निर्माण एजेंसियां और विभाग लंबित औपचारिकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करें।
समीक्षा के दौरान एजेंसी और विभागवार प्रगति पर चर्चा करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही गई। बैठक में वन विभाग, जिला पंचायत, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




