आगरा ; अब सूर्योदय से 30 मिनट पहले खुलेगा ताजमहल
आगरा : यूपी का प्रमुख पर्यटन स्थल और विश्व धरोहर ताजमहल को 25 जनवरी से पर्यटकों के लिए सूर्योदय से 30 मिनट पहले खोला जाएगा। लंबे समय से पर्यटक इसकी मांग कर रहे थे। बढ़ती मांग को देखते हुए अब ताजमहल परिसर में सुबह आधे घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा। वहीं शाम को आधे घंटे पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। मंगलवार को इसका आदेश जारी कर दिया गया।
सूर्योदय से आधे घंटे पहले खोले जाने से पर्यटक उगते सूरज के साथ ताज का दीदार कर सकेंगे जो उनके लिए एक यादगार अनुभव होगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने कहा है कि 17वीं शताब्दी की धरोहर की प्राकृतिक प्रकाश में सुरक्षा जांचों के लिए इसे गुरुवार यानी 25 जनवरी से आधे घंटे पहले खोला और आधे घंटे पहले बंद किया जाएगा।
एएसआई प्रमुख भुवन विक्रम ने कहा कि यह निर्णय पर्यटकों की लगातार आने वाली मांगों को देखते हुए लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि अब रोजाना ताज परिसर में 15 साल से कम आयु के बच्चों सहित दैनिक 40,000 पर्यटकों को ही प्रवेश की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। इस पर अगले महीने घोषणा होने की संभावना है। इसके साथ ही टिकट की दरों में भी संशोधन किया जाएगा।