नंदकुमार साय के बयान पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया,शुक्ला ने कहा- हकीकत को बयान किया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा कमजोर हो चुकी है

रायपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकुमार साय ने छत्तीसगढ़ में भाजपा की हकीकत को बयान किया है कि राज्य में भाजपा कमजोर हो चुकी है। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला का। शुक्ला ने कहा है कि नंदकुमार साय अपनी साफगोई और बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाते है। उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा। नंदकुमार साय भाजपा के वरिष्ठ नेता है। दलीय प्रतिबद्धता के लिहाज से उन्होंने कमजोर शब्द का उपयोग किया है। असल में तो छत्तीसगढ़ में जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा मृतप्राय हो चुकी है।
साय का यह कहना कि भाजपा जनजातीय विचारों से दूर हो चुकी है। आंशिक सत्य है। पूर्ण सत्य यह है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सम्पूर्ण जनसरोकारों से दूर हो चुकी है। उसका प्रदेश के किसी वर्ग से कुछ लेना देना नहीं है।कांग्रेस संचार प्रमुख ने कहा है कि गुटबाजी में बंटी भारतीय जनता पार्टी के नेता जनता के लिए नहीं अपने खुद के अस्तित्व के लिए संघर्ष करने का दिखावा करते नजर आते हैं। राज्य के भाजपा के नेता राज्य में वैट कम करने को लेकर आंदोलन की नौटंकी तो करते है,लेकिन एक्साइज ड्यूटी की कमी और अन्य वस्तुओं खाद्य सामग्री, रसोई गैस खाद्य तेल की मंहगाई पर इस लिए चुप रहते हैं। कही इस मसले पर बोलने पर केंद्रीय नेतृत्व नाराज न हो जाए। राज्य से भाजपा के 9 सांसद है,लेकिन वे सब भी इतने कमजोर है कि राज्य की जनता की आवाज केंद्र सरकार के सामने में उठाने में इसलिए डरते हैं। कहीं मोदी नाराज न हो जाए।, इसलिए कोई सांसद भाजपा नेता आज तक उसना चावल के मामले में प्रधानमंत्री केंद्रीय मंत्री को एक पत्र लिखने का साहस नहीं दिखा पाया । इस सब से स्पष्ट हो रहा कि छग में भाजपा एक राजनैतिक दल की मूल भावना जनसेवा के लक्ष्य भटक कर मृतप्राय हो चुकी है।