नवा रायपुर में साहित्य का महाकुंभ, रायपुर साहित्य उत्सव–2026 की उलटी गिनती शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का आयोजन 23 से 25 जनवरी 2026 तक नवा रायपुर अटल नगर के पुरखौती मुक्तांगन परिसर में होगा। तीन दिन चलने वाला यह उत्सव लेखकों, विचारकों और पाठकों के संवाद का जीवंत मंच बनेगा, जहां देश-प्रदेश से साहित्य प्रेमियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी।
उत्सव में देश और प्रदेश के करीब 120 प्रतिष्ठित साहित्यकार शिरकत करेंगे। कुल 42 सत्रों में समकालीन समाज, संस्कृति, राजनीति और बौद्धिक विमर्श से जुड़े विषयों पर गहन चर्चाएं होंगी। भारतीय ज्ञान परंपरा, संविधान, सिनेमा और समाज, नव जागरण, छत्तीसगढ़ी साहित्य, इतिहास के संदर्भ में साहित्य और शैक्षणिक संस्थानों में भाषा-साहित्य की स्थिति जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।
इसके साथ ही नाट्य शास्त्र और कला परंपरा, साहित्य व राजनीति, समकालीन महिला लेखन, जनजातीय साहित्य, लोक संस्कृति, पर्यटन, पत्रकारिता और शासन पर विशेष परिचर्चाएं होंगी। डिजिटल युग में लेखन-पाठक संबंध, प्रकाशन जगत की चुनौतियां जैसे मुद्दे भी विमर्श के केंद्र में रहेंगे।
आयोजन को लेकर तैयारियां तेज रफ्तार से चल रही हैं। प्रशासन ने 21 जनवरी 2026 तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने का लक्ष्य तय किया है। मंच, पंडाल, तकनीकी इंतजाम और साज-सज्जा को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि साहित्य प्रेमियों को एक यादगार अनुभव मिल सके।




