कच्चे घर से सोलर रोशन पक्के मकान तक पहुंचा पवार परिवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के बड़े कनेरा ग्राम पंचायत का पवार परिवार आज सरकारी योजनाओं के सहारे आत्मनिर्भर जीवन जी रहा है। कभी कच्चे और जर्जर मकान में रहने वाला यह परिवार अब पक्के और सुरक्षित घर में रह रहा है, जहां सौर ऊर्जा से बिजली भी उपलब्ध है।
आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण चमन लाल पवार का परिवार लंबे समय तक कच्चे घर में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में घर की छत टपकती थी और दीवारों की मजबूती भी चिंता का कारण बनी रहती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्का मकान बनाने की स्वीकृति मिली। निर्माण कार्य के दौरान मनरेगा से मजदूरी का लाभ मिलने से आर्थिक मदद भी मिली।
नए मकान के निर्माण के बाद उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना के तहत 3 किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया, जिसके लिए उन्हें शासकीय अनुदान मिला। इससे घर में पर्याप्त बिजली मिलने लगी और बिजली बिल में कमी आई। बचत की राशि अब परिवार बच्चों की पढ़ाई और जरूरी जरूरतों पर खर्च कर रहा है।
इसके अलावा उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन मिलने पर रसोई धुएं से मुक्त हो गई है। वहीं नल-जल योजना के तहत घर तक पानी पहुंचने से परिवार को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिली है।
विभिन्न योजनाओं के संयुक्त लाभ से पवार परिवार का जीवन अब अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है। पक्का मकान, स्वच्छ पानी, गैस कनेक्शन और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाओं ने परिवार की जीवनशैली को पूरी तरह बदल दिया है।



