छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

ठरकपुर में बदली तस्वीर: जल जीवन मिशन से हर घर पहुंचा स्वच्छ पानी, खत्म हुआ सालों पुराना जल संकट

रायपुर। मुंगेली जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम ठरकपुर में अब पानी के लिए जद्दोजहद बीते दिनों की बात हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाकर हर घर तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया है। “हर घर नल, हर घर जल” का संकल्प यहां धरातल पर साकार हुआ है। अब गांव के प्रत्येक घर में नियमित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।

एक समय ऐसा था जब ठरकपुर में पेयजल संकट आम बात थी। पूरा गांव केवल 8 हैंडपंपों पर निर्भर था। गर्मियों में जलस्तर गिरते ही हैंडपंप जवाब दे देते थे और ग्रामीणों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता था। महिलाओं को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ता था, जिससे उनका समय और श्रम दोनों अधिक खर्च होता था।

गांव की गंगा यादव बताती हैं कि पहले छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर दूर से पानी लाना पड़ता था। खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति बेहद कठिन हो जाती थी। अब घर में नल कनेक्शन लगने से भरपूर पानी मिल रहा है और दैनिक जीवन काफी आसान हो गया है।

नल जल योजना ने केवल पानी की समस्या हल नहीं की, बल्कि महिलाओं की मेहनत और समय की भी बचत की है। अब वे परिवार, बच्चों की देखभाल और अन्य कार्यों में समय दे पा रही हैं। स्वच्छ जल की उपलब्धता से बीमारियों में कमी आई है और गांव का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। ठरकपुर में जल जीवन मिशन सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य और सम्मान का प्रतीक बनकर उभरा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button