बिहान की दीदियों ने जगाई देशभक्ति की अलख

रायपुर। छत्तीसगढ़ की धरती इन दिनों देशभक्ति के रंग में रंगी है। आजादी की 79वीं वर्षगांठ और अमृत महोत्सव के अंतर्गत “हर घर तिरंगा” अभियान पूरे उत्साह से चल रहा है। खास बात यह है कि इस राष्ट्रभक्ति की मुहिम में बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं आगे बढ़कर हिस्सा ले रही हैं और गांव-गांव जाकर लोगों को प्रेरित कर रही हैं।
सक्ती जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के आह्वान पर बिहान समूह की दीदियों ने तिरंगे के सम्मान में अभूतपूर्व सहभागिता निभाई। ग्राम पंचायत जेठा में महिलाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर एक रैली निकाली और पूरे गांव में देशभक्ति का संदेश फैलाया।
दीदियों का कहना है, “यह केवल एक झंडा फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपने देश, उसकी विरासत और नागरिक जिम्मेदारी के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।” उन्होंने “हर घर तिरंगा द – गर्व से लहराए” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
इन महिलाओं ने यह भी संकल्प लिया है कि वे गांव-गांव जाकर प्रत्येक नागरिक को इस अभियान से जोड़ेंगी और इसे एक जन-आंदोलन का स्वरूप देंगी। उनके अनुसार, तिरंगा केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि आज़ादी, बलिदान और गौरव का प्रतीक है, जिसे सम्मान के साथ हर घर में लहराया जाना चाहिए।